बीजेपी नेताओं द्वारा दिये गये ये बयान बेहद निंदनीय हैं : भावना पांडे

भावना पांडे ने भाजपा नेताओं से सवाल पूछते हुए कहा कि गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा को डेवलप करने के लिए क्या इसीलिए प्रदेश के करोड़ों रुपये खर्च किये गये कि वहाँ शादी-विवाह का समारोह स्थल बनाया जाए?

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने भाजपा नेताओं द्वारा दिये जा रहे बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बीजेपी पर जमकर हमला बोला और इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता प्रदेश को लेकर बड़े ही अजीब बयान दे रहे हैं। इन नेताओं को बुद्धि शुद्धि करवाने की आवश्यकता है।

भावना पांडे ने कहा कि देवभूमि के लिए ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि ही अपने प्रदेश के बारे में अनुचित बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता कभी गैरसैंण में विधानसभा को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की बात कह रहे हैं तो कभी टिहरी को बैंकॉक बनाने की बातें कह रहे हैं। ये वाकई बेहद शर्मनाक और अफ़सोसजनक है।

भावना पांडे ने भाजपा नेताओं से सवाल पूछते हुए कहा कि गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा को डेवलप करने के लिए क्या इसीलिए प्रदेश के करोड़ों रुपये खर्च किये गये कि वहाँ शादी-विवाह का समारोह स्थल बनाया जाए? इन नेताओं द्वारा भराड़ीसैंण विधानसभा के साथ ही टिहरी को बैंकॉक बनाने की बातें भी कही जा रही हैं, जहां लोग मसाज कराने आ सकें। ये बयान बेहद निंदनीय हैं।

भावना पांडे ने कहा, देवभूमि उत्तराखंड विश्वभर में अपनी आध्यात्मिक पहचान रखती है। हमारा प्रदेश अपनी संस्कृति, सुंदरता व शांति के लिए विख्यात है। ऐसी देवों की भूमि को लेकर इस प्रकार के विचार रखना और गलत बयान देना भाजपा के चरित्र को दर्शाता है। बीजेपी के नेताओं को अपनी बुद्धि की शुद्धि करवानी चाहिए और इस तरह के गलत बयानों के लिए सार्वजनिक तौर पर प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.